
रसमड़ा इलाके में बंद पड़े वेलकम ढाबे के एक कमरे में 26 वर्षीय वरुण भरतद्वाज ने फांसी लगा ली। रविवार सुबह ढाबे के चौकीदार भानुप्रताप ने उसे फंदे पर लटका देख पुलिस और परिजन को सूचना दी। वरुण का चार दिन पहले अपने जीजा आकाश वर्मा से विवाद हुआ था। इसके बाद से वह घर छोड़कर ढाबे में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 12.18 बजे वरुण ने सुसाइड नोट लिखकर सोशल मीडिया के जरिए अपनी पत्नी, दोस्त और अन्य परिजन को भेजने के बाद खुदकुशी कर ली। पुलिस ने वरुण का मोबाइल जब्त कर लिया है। रविवार को पीएम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। अंजोरा चौकी प्रभारी एसआई सुधांशु बघेल के मुताबिक जांच में पता चला है कि मृतक वरुण मूलत: यूपी के सिवान जिले का रहने वाला था।
वह बीते डेढ़ साल से अपने जीजा आकाश के घर नगपुरा मेें रह रहा था। जीजा का नगपुरा में दूध कलेक्शन सेंटर था। वरुण ग्रामीण इलाके से दूध कलेक्ट कर जीजा की दुकान में पहुंचाने का काम करता था। चार दिन पहले जीजा-साले के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद जीजा ने वरुण को फटकार दिया था।
इसके बाद से वरुण गायब था। पुलिस के मुताबिक वरुण ने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह जिसके साथ रह रहा था, उसकी कोई गलती नहीं है। आखिरी बार उसने अपने पिता से बात की और आत्महत्या करने का फैसला किया। वह भूखे रहकर थक चुका है। सबने उसे छोड़ दिया है।

Author: CG FIRST NEWS
CG FIRST NEWS