अंबिकापुर :- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला गायब हो गई। घटों ढूंढ़ने के बाद उसका शव गांधी चौक पर मिला। अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के ग्राम गौरा निवासी लक्ष्मी (26) को प्रसव पीड़ा के कारण अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल कराया गया था। लक्ष्मी ने नार्मल डिलीवरी से लड़के को जन्म दिया। जिसके बाद महिला धूप सेकने के लिए अस्पताल के बाहर निकली थी और फिर अचानक गायब हो गई। महिला के अचानक गायब हो जाने के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना दी और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस को भी महिला के गायब होने की सूचना दी गई।

पुलिस के साथ परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। लापता प्रसूता लक्ष्मी मराबी करीब 7 घंटे बाद गांधी चौक के पास बेहोश पड़ी मिली। सूचना पर उसे एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Author: CG FIRST NEWS
CG FIRST NEWS