Naxal News: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नक्सल प्रभावित इलाके भामरागढ़ के कोपरी जंगलों में चल रहे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 5 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। अधिकारियों ने मारे गए सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक जवान के घायल होने की भी खबर है, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई :
यह मुठभेड़ महाराष्ट्र पुलिस के सी-60 कमांडो और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम द्वारा की गई। दोनों बलों की कुशल रणनीति की बदौलत नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इस ऑपरेशन की शुरुआत की गई थी। सी-60 कमांडो को तुरंत मुठभेड़ स्थल की ओर रवाना किया गया, जिसके बाद यह बड़ी कामयाबी मिली।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी :
मुठभेड़ खत्म हो चुकी है, लेकिन सुरक्षाबल अभी भी इलाके में गहन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि जंगल में अभी और नक्सली छिपे हो सकते हैं। ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों को भारी क्षति पहुंची है और सुरक्षा बल किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।
नक्सलियों का जवाबी हमला :
मुठभेड़ के बाद नक्सलियों ने विरोध के संकेत दिए हैं। पिछले कुछ समय से नक्सली गतिविधियों में वृद्धि देखी जा रही है, खासकर सीमावर्ती इलाकों में। इससे पहले छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें कई नक्सली मारे गए थे। नक्सलियों ने पर्चा फेंककर अपने मारे गए साथियों की पुष्टि भी की थी और आगामी दिनों में विरोध दिवस मनाने का ऐलान किया है।
नक्सल विरोधी अभियान तेज :
पिछले कुछ महीनों से पुलिस और सुरक्षाबल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं। गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की गतिविधियों में तेजी आई है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी सघन ऑपरेशन किए जाएंगे, जिससे नक्सलियों का प्रभाव खत्म हो सके।
Author: CG FIRST NEWS
CG FIRST NEWS