रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 20वीं बैठक आज उनके निवास कार्यालय में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य की विभिन्न खनिज परियोजनाओं और अधोसंरचना विकास के लिए कई योजनाओं पर विचार किया गया और इसके लिए बड़ी धनराशि स्वीकृत की गई। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद और राहुल भगत, वित्त सचिव शारदा वर्मा, खनिज संचालक सुनील जैन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से खनिज विकास निधि के पूर्व निर्णयों और निधि के उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि निधि में उपलब्ध राशि को ध्यान में रखते हुए राज्य में व्यापक अधोसंरचना विकास की संभावनाओं पर विचार किया जाए। इसके अलावा, बैठक में डोंगरगढ़-कबीरधाम-मुंगेली-कटघोरा रेलमार्ग के भू-अर्जन और प्रारंभिक निर्माण कार्य के लिए छत्तीसगढ़ रेलवे कॉरपोरेशन को 300 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
साथ ही, खनिज अन्वेषण, खनिज ब्लॉक नीलामी और खानों के आईटी आधारित नियमन के लिए संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म को 83 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई। खनिज राजस्व में वृद्धि और खनन क्षेत्र में सुधार के लिए विशेषज्ञ संस्थाओं की सेवाएं लेने हेतु 20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की गई।
यह उल्लेखनीय है कि राज्य के खनिज राजस्व का 5% हिस्सा प्रतिवर्ष खनिज विकास निधि में आरक्षित किया जाता है, जिसका उपयोग खनिज विकास, अधोसंरचना निर्माण और परिवहन परियोजनाओं में किया जाता है।

Author: CG FIRST NEWS
CG FIRST NEWS