बिलासपुर :- जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की जान चली गई। शनिवार सुबह ग्राम गतौरा में मॉर्निंग वॉक पर निकली 35 वर्षीय गायत्री बंजारे और उनके 7 वर्षीय बेटे पारस बंजारे को तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना का विवरण
यह हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुआ जब गायत्री बंजारे अपने बेटे के साथ ग्राम गतौरा के मरघट के पास से गुजर रही थीं। तभी एनटीपीसी सीपत से राखड़ लेकर बिलासपुर जा रहा हाइवा क्रमांक CG 04 NW 5905 ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन वाहन को वहीं छोड़ दिया।
ग्रामीणों का आक्रोश और चक्का जाम
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही गांव में फैली, आक्रोशित ग्रामीणों ने मां और बेटे के शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। सड़क पर जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
मस्तूरी एसडीएम अमित सिन्हा, एडिशनल एसपी अर्चना झा समेत अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रशासन ने तुरंत मुआवजे की घोषणा की, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया।
हाइवा चालक की तलाश जारी
पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही दोषी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
Author: CG FIRST NEWS
CG FIRST NEWS